अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई: मुलुंड पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोरी/डकैती गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश से मुंबई आकर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को 16 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग मुलुंड इलाके में मौजूद हैं और बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर छापा मारकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली के रहने वाले लोग शामिल हैं। सभी की उम्र लगभग 20 से 48 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चारपहिया वाहन, हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। इसमें लोहे की तलवारें, चाकू, लोहे के रॉड, कटर, वायर, ग्लव्स, टॉर्च और अन्य उपकरण शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया जाना था। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 1,22,000 रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 20 मार्च 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई और इससे एक बड़ी घटना होने से पहले ही रोक ली गई।




