
रोहित शेट्टी फायरिंग केस: शूटर अब भी फरार, क्राइम ब्रांच की 12 टीमें तैनात
मुंबई: फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना के तीन दिन बाद भी आरोपी शूटर पुलिस की पकड़ से बाहर है। शनिवार देर रात करीब 12.45 बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने देशभर में 12 विशेष टीमें तैनात की हैं।
इस मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों—स्वप्निल बंदू सकट (23), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (19), समर्थ शिवशरण पोमाजी (19) और आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड (19)—को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि ये सभी बचपन के दोस्त हैं और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में पकड़े गए पुणे के आरोपियों से इनके संपर्क थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग और फरार आरोपी शुभम लोणकर से जुड़े हैं, जिनसे सोशल मीडिया इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क हुआ था।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग की साजिश पहले से रची गई थी और रोहित शेट्टी के घर की रेकी की गई थी। घटना की रात शूटर ने पांच राउंड फायर किए और स्कूटर से फरार हो गया। इस्तेमाल किया गया होंडा डियो स्कूटर पुणे से खरीदा गया था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और शूटर की तलाश जारी है।




