साकीनाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 23.89 लाख की 11 स्पोर्ट्स बाइक बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्ता

NEWS SPLASH/मुंबई
साकीनाका पुलिस Station ने स्पोर्ट्स बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास से 23,89,000 रुपये मूल्य की कुल 11 महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की हैं और मुंबई शहर व उपनगर के 15 मामलों का खुलासा किया है।
यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद शुरू हुई, जिसमें 22 नवंबर 2025 की रात अंधेरी-घाटकोपर लिंक रोड स्थित बिलाल मस्जिद के सामने से हैंडल लॉक कर खड़ी की गई रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650 बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया।
मोटर वाहन चोरी रोधी दस्ते और अपराध प्रकटीकरण शाखा ने तकनीकी जांच व गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी मिरज उर्फ बवल मोहम्मद रईस खान (26) को ठाणे के दहिसर मोरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसके साथी उमेर आमीन शेख (20) की संलिप्तता सामने आई, जिसे राजस्थान के अजमेर से हिरासत में लेकर मुंबई लाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रॉयल एनफील्ड और यामाहा मोटर कंपनी की इंटरसेप्टर 650, हंटर 350, बुलेट 350, एमटी-15 और आर15 जैसी महंगी 11 बाइकों की चोरी की थी।
अधिकांश वाहनों की नंबर प्लेट हटा दी गई थी। मुख्य आरोपी ने 15 बाइक चोरी कर अपने साथी को बेचने की बात कबूल की है।
पुलिस आयुक्त देवेन भारती सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को साकीनाका पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।




