अंधेरी में मोबाइल विवाद बना खूनी झगड़ा, पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाला पति गिरफ्तार

अंधेरी में मोबाइल विवाद बना खूनी झगड़ा, पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाला पति गिरफ्तार
मुंबई: अंधेरी के एमआईडीसी इलाके में घरेलू विवाद ने उस वक्त खतरनाक रूप ले लिया जब 48 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। एमआईडीसी पुलिस स्टेशन ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान संतोष रावते (48) के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला का नाम नीता रावते (44) है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मोबाइल फोन देखने और बातचीत को लेकर विवाद शुरू हुआ था। यह बहस देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में संतोष ने कथित तौर पर पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के समय दंपति का सात वर्षीय बेटा भी घर में मौजूद था। घर से शोर-शराबे की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। समय पर हस्तक्षेप होने से महिला की जान बच सकी।
गंभीर रूप से घायल नीता रावते को तत्काल जोगेश्वरी स्थित ट्रॉमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस घरेलू हिंसा के मामलों में सतर्क रहने की अपील कर रही है।




