
News splash
मुंबई पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। देवनार पुलिस स्टेशन की साइबर सेल ने कड़ी मेहनत और लगातार प्रयासों के बाद धारावी निवासी मोहम्मद तुफैल शेख का जून 2023 में चोरी हुआ मोबाइल फोन 3 वर्षो की कड़ी मेहनत से खोजकर उन्हें वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद तुफैल शेख का मोबाइल करीब तीन साल पहले चोरी हो गया था, जिसके बाद उन्होंने देवनार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर तकनीक और आधुनिक उपकरणों की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने का काम शुरू किया।
पुलिस उपायुक्त (परिमण्डल 6) समीर शेख की देखरेख मे इस पूरे ऑपरेशन में देवनार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश पांडुरंग यादव के नेतृत्व मे साइबर सेल के अधिकारी अभिजीत देशमुख, महिला पुलिस कर्मी सुवर्णा शिरतर पुलिस कर्मी सुशांत पवार, नीलेश शिंदे और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम ने लगातार ट्रैकिंग, डाटा विश्लेषण और तकनीकी जांच के जरिए 635 मोबाइल तक पहुंच बनाई जिनमे मौजूदा समय मे 153 मोबाइल फ़ोन ढूंढ निकाले।
मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने विधिवत प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके असली मालिको को सौंप दिया। अपना मोबाइल वापस मिलने पर तुफैल शेख ने खुशी जताते हुए देवनार पुलिस और पूरी साइबर टीम का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि मुंबई पुलिस न केवल बड़े अपराधों पर नजर रखती है, बल्कि आम नागरिकों की छोटी-बड़ी समस्याओं को भी गंभीरता से लेकर उनका समाधान करती है। देवनार पुलिस की इस पहल से नागरिकों में विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।



