मानखुर्द में युवक के पास से 5,700 नाइट्राज़ेपम गोलियां बरामद, NDPS एक्ट में गिरफ्तारी; शिवाजी नगर–देवनार में भी नशे के कारोबार की बढ़ती गतिविधियां

मुंबई: मानखुर्द पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक को नाइट्राज़ेपम की 5,700 मनप्रभावी गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वाहिद याकूब शेख (उम्र 19 वर्ष), निवासी सिंगल लाइन झोपड़पट्टी, मानखुर्द के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क) सह 22(ब) के तहत गु.र.क्र. 608/2025 दर्ज किया गया है।
घटना 09 दिसंबर 2025 को साठेनगर, मानखुर्द स्थित गणेश स्टील सेंटर के पास की है। पुलिस के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पहुंची टीम ने एक युवक को कुछ छिपाने की कोशिश करते देखा। संदेह के आधार पर पंचों की उपस्थिति में उसकी तलाशी ली गई, जिसमें नाइट्राज़ेपम की कुल 5,700 गोलियां बरामद हुईं। इनकी अनुमानित कीमत ₹30,780 बताई गई है। आरोपी के पास से एक पुराना iPhone-12 भी जब्त किया गया जिसकी कीमत ₹20,000 आंकी गई। जब्त माल की कुल कीमत ₹50,780 है। पूरे पंचनामा की वीडियोग्राफी e-Sakshya ऐप के माध्यम से कर ICJS पोर्टल पर अपलोड की गई है।
आरोपी को 10 दिसंबर 2025 की तड़के 2:27 बजे गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मधु घोरपडे के मार्गदर्शन में पो.नि. ओऊळकर, पो.उपनि. साळवी, हवलदार दिवटे, सिपाही भिसे और काशिद की टीम ने कार्रवाई अंजाम दी। आगे की जांच पो.उपनि. सुशांत सालवी कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मानखुर्द के अलावा शिवाजी नगर और देवनार इलाके में भी इसी प्रकार का नशे का अवैध व्यापार तेजी से फैल रहा है, जिसकी वजह से युवाओं पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद स्थानीय पुलिस इस बढ़ते कारोबार को नजरअंदाज कर रही है। लोग मांग कर रहे हैं कि इन क्षेत्रों में भी NDPS मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाए और बड़े गिरोहों तक पहुंचने के लिए ठोस अभियान चलाया जाए।



