Mumbai Crime
Trending

ट्रॉम्बे पुलिस की तत्पर कार्रवाई, 3 घंटे में घरफोड़ चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। ट्रॉम्बे पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए घरफोड़ चोरी के एक मामले का मात्र तीन घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई पूरी रकम 3 लाख 10 हजार रुपये बरामद कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 638/2025, धारा 305(A) के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह चोरी की घटना 30 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे की है। शिकायतकर्ता श्री मोहम्मद अब्दुल सफूर खान (उम्र 48 वर्ष), जो केटरिंग का कार्य करते हैं, अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने उनके बंद घर का फायदा उठाकर पेटी में रखी 3,10,000 रुपये नकद राशि चुरा ली।

31 दिसंबर 2025 को रात 1 बजे शिकायत दर्ज होते ही ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन के अपराध प्रकटीकरण पथक ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस उपनिरीक्षक सागर पाटील के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की गई। फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपी का पीछा करते हुए पुलिस टीम पायधुनी स्थित राज होटल, शौकत अली रोड तक पहुंची, जहां से आरोपी नूर मोहम्मद खान उर्फ बबलू को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की, जिसके बाद उसके पास से चोरी की गई पूरी नकद राशि 3,10,000 रुपये बरामद की गई। आरोपी की पहचान नूर मोहम्मद खान उर्फ बबलू (उम्र 37 वर्ष), निवासी तिवारीगांव, तहसील भिंगा, जिला श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को 31 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना उसके मित्र और पत्नी को दी है तथा उसे नियमानुसार माननीय न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में पोउनि सागर पाटील, पोउनि अमोल चाटे (जांच अधिकारी), सहायक पोउनि धुमाळ, पुलिस हवलदार आव्हाड और संदीप पाटील शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ऋता नेमळेकर ने ट्रॉम्बे पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

News Splash

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button