गोवंडी में नशे की गोलियों की बड़ी खेप बरामद

गोवंडी में नशे की गोलियों की बड़ी खेप बरामद
एंटी नारकोटिक्स सेल की वरली यूनिट की कार्रवाई, 2.53 करोड़ रुपये की Nitrazepam और Alprazolam टैबलेट जब्त
शाहिद शौकत
मुंबई, 7 अक्टूबर। मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की वरली यूनिट ने नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंडी के डॉ. जाकिर हुसैन नगर इलाके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 करोड़ 53 लाख 12 हजार रुपये मूल्य की नशीली गोलियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, वरली यूनिट को नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और भंडारण करने वाले लोगों के संबंध में विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने गोवंडी के डॉ. जाकिर हुसैन नगर में एक संदिग्ध व्यक्ति के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद हुईं।
कार्रवाई में 1 करोड़ 98 लाख रुपये मूल्य की 2 किलो 475 ग्राम वजन वाली कुल 4500 ‘NITCOR-10’ Nitrazepam Tablets तथा 55 लाख 12 हजार रुपये मूल्य की 689 ग्राम वजन वाली कुल 5300 ‘PROCALM-1’ Alprazolam Tablets बरामद की गईं। दोनों प्रकार की गोलियों की कुल कीमत 2 करोड़ 53 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8(सी) और 22(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। अपराध की जांच जारी है तथा पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं कहां से लाई गई थीं और इन्हें मुंबई में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त पौर्णिमा चौगुले-श्रींगी और सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरेकर के नेतृत्व में की गई।
वरली यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष साळुंके के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक दिगंबर पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक रोहित साळी तथा उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।



