मोबाइल चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 10 मोबाइल बरामद

मोबाइल चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 10 मोबाइल बरामद
सगीर अंसारी/मुंबई
डोंगरी पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है।
12 अक्टूबर 2026 को सुबह 1 बजे से 5:30 बजे के बीच बीआईटी चाळ नंबर 5 स्थित भाड़ेकरू संघ नवरात्र उत्सव मंडल के मंडप में दिप्तेश सचिन डाकी (30) सो रहे थे। इसी दौरान उनकी जेब से सैमसंग गैलेक्सी ए06 5जी मोबाइल चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर डोंगरी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 672/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष माने और अपराध प्रकटीकरण दल को गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर शेनॉय गार्डन, नौरोजी हिल रोड नंबर 9, डोंगरी से नूरइस्लाम सैफुल शेख (31) और निलेश कुमार शेखर प्रसाद (31) को हिरासत में लिया गया। तलाशी में उनके पास से पांच मोबाइल मिले। पूछताछ में दोनों ने डोंगरी, मरीन ड्राइव चौपाटी और नरिमन पॉइंट से मोबाइल चोरी करने तथा चोरी के मोबाइल मो. सरफराज शेरफुल शेख (25) को बेचने के लिए देने की बात बताई।
14 अक्टूबर को सहायक पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय जाधव और अपराध प्रकटीकरण दल ने दानाबंदर इलाके से सरफराज को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी का मोबाइल समेत पांच अन्य मोबाइल बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल में आईफोन 17, आईफोन 15 प्रो मैक्स, सैमसंग गैलेक्सी एफ54, सैमसंग गैलेक्सी ए17, वीवो टी2, वीवो वाई29, सैमसंग गैलेक्सी ए06, रेडमी नोट 13 प्रो, रियलमी नार्जो और ओप्पो एफ27 शामिल हैं।
आरोपी नूरइस्लाम शेख के खिलाफ भायखला पुलिस थाने में गु.र.क्र. 141/2019, धारा 379, 506, 34 भादंवि तथा 4, 25 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। निलेश प्रसाद के खिलाफ एमआरए मार्ग पुलिस थाने में गु.र.क्र. 43/2019, धारा 379, 34 भादंवि का मामला दर्ज है। सरफराज शेख के खिलाफ डोंगरी पुलिस थाने में गु.र.क्र. 162/2019, धारा 324, 504, 506, 34 भादंवि तथा मरीन ड्राइव पुलिस थाने में गु.र.क्र. 01/2023, धारा 122 मुंबई पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक निलेश राजपूत कर रहे हैं। कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय जाधव, सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष माने, पुलिस हवलदार प्रविण शिंदे, किरण मोरे तथा पुलिसकर्मी गौरव सावंत, प्रदीप कचरे, सिद्धार्थ पाटील और अतुल वानखडे शामिल रहे।
यह कारवाई वरिष्ठ पोलीस निरीक्षक सागर टिळेकर और पोलीस निरीक्षक (Crime ) श्रीकांत शिंदे इन के मार्गदर्शन मे हुई.



