Mumbai Crime

लोहे की सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

लोहे की सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

1.64 करोड़ रुपये का माल जब्त, 3 ट्रक और एक टेम्पो भी पुलिस के कब्जे में

शाहिद शौकत

मुंबई : निर्माण स्थलों से लोहे की सरिया चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 54 लाख 25 हजार 990 रुपये कीमत की लोहे की सरिया तथा तीन ट्रक और एक अशोक लेलैंड टेम्पो सहित कुल 1 करोड़ 64 लाख 25 हजार 990 रुपये का माल जब्त किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग आपस में साजिश रचकर पैसों के बदले ट्रेलर के माध्यम से निर्माण स्थलों से लोहे की सरिया चोरी कर रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की।

इसी क्रम में 28 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5:55 बजे घाटकोपर पूर्व में पूर्व द्रुतगति महामार्ग पर ठाणे से मुंबई की ओर जाने वाली सड़क के किनारे स्थित हायवे सुविधा शौचालय के पास आरोपियों को 38,380 किलो लोहे की सरिया चोरी करते हुए पकड़ा गया। इसकी कीमत 23 लाख 2 हजार 800 रुपये बताई गई है।

इसके अलावा चूनाभट्टी स्थित जुगल इंडस्ट्रियल एस्टेट में भी आरोपियों द्वारा 1 लाख 4 हजार 750 किलो लोहे की सरिया चोरी किए जाने का मामला सामने आया। इसकी कीमत 31 लाख 23 हजार 190 रुपये है। पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर आरोपियों के खिलाफ पंतनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच अपराध शाखा यूनिट-7 कर रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक 54 लाख 25 हजार 990 रुपये की लोहे की सरिया के अलावा 1 करोड़ 10 लाख रुपये कीमत के तीन ट्रक और एक अशोक लेलैंड टेम्पो जब्त किए गए हैं। इस प्रकार कुल 1 करोड़ 64 लाख 25 हजार 990 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले तथा सहायक पुलिस आयुक्त धर्मपाल बनसोडे के मार्गदर्शन में अपराध शाखा यूनिट-7 की टीम ने अंजाम दी।

Shahid Khan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button