Mumbai Crime

17 साल पुराने हत्या के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

जमीन विवाद में हथौड़े से सिर पर वार कर की गई थी हत्या, पहचान छिपाकर रह रहा था आरोपी

17 साल पुराने हत्या के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

जमीन विवाद में हथौड़े से सिर पर वार कर की गई थी हत्या, पहचान छिपाकर रह रहा था आरोपी

मुंबई: मुंबई पुलिस ने हत्या के एक 17 साल पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज मोहम्मद सुलेमान शेख (39) के रूप में हुई है। आरोपी वर्ष 2009 में हुई हत्या की वारदात के बाद से लगातार अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर उसे टिटवाला पूर्व इलाके से गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 जून 2009 को आरोपी फिरोज, अफरोज और उनके दो अन्य साथियों ने आपसी साजिश के तहत गांव में जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के दौरान एक व्यक्ति के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद मुलुंड पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 216/2009 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 34 के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में मुख्य आरोपी फिरोज मोहम्मद सुलेमान शेख, जिसकी उम्र उस समय करीब 31 वर्ष थी, वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके गांव और विभिन्न संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी वजह से उसे लंबे समय से वांछित आरोपी घोषित किया गया था।

मोबाइल और सिम कार्ड बदलकर छिपा रहा था पहचान

मुलुंड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक विनोद लभडे और पुलिस उपनिरीक्षक स्वप्निल महाजन की टीम ने गुप्त मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी से पता चला कि आरोपी अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा है। वह लगातार मोबाइल फोन और सिम कार्ड बदल रहा था तथा टिटवाला पूर्व के बनेली गांव में एक निर्माण स्थल पर फिटर के रूप में काम कर रहा था। वह अपने परिवार के साथ भी वहीं रह रहा था।

पुलिस टीम को मिली जानकारी के आधार पर बनेली गांव, टिटवाला पूर्व में छापा मारकर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम फिरोज मोहम्मद सुलेमान शेख, उम्र 39 वर्ष बताया। उसने अपना पता लक्ष्मण चाल, कमरा नंबर 02, बनेली चौक, टिटवाला पूर्व बताया। उसका मूल निवास ग्राम दोजान, सोनापुर पोस्ट, सुधाणी, तहसील बारसोई, जिला कटिहार, बिहार है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की। जांच में सामने आया कि पुराने जमीन विवाद को लेकर आरोपी और उसके साथियों ने मिलकर हथौड़े से हमला किया था, जिसमें संबंधित व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे 17 साल पुराने हत्या के मामले की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त मनोज कुमार, पूर्व प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त धनंजय कुलकर्णी, पूर्व परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त अभयसिंह देशमुख तथा मुलुंड विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त सुदर्शन होनवडजकर के मार्गदर्शन में की गई।

मुलुंड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष घाटेकर की देखरेख में सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद लभडे, पुलिस उपनिरीक्षक स्वप्निल महाजन, पुलिस हवलदार किरण चव्हाण, हेमंत शेडगे, राजेंद्र चौधुले तथा पुलिस कांस्टेबल विवेक शिंपी, बलवंत करदरे, सागर गावडे, मनीष सरकटे और विष्णु आढाव ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

Shahid Khan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button