
NEWS SPLASH
मुंबई में होली और धुलिवंदन के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। 3 मार्च 2026 को रात 12 बजे से शाम 7 बजे तक चले इस अभियान में नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और हाईवे पर विशेष जांच नाके लगाकर वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट चलने वाले 4,317 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 42,97,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं स्पीड लिमिट का उल्लंघन करने के 4,486 मामलों में 8,29,100 रुपये का चालान किया गया। ट्रैफिक के मुक्त प्रवाह में बाधा डालने वाले 2,532 वाहन चालकों से 29,64,000 रुपये वसूले गए। इसके अलावा सिग्नल जंप करने के 610, ट्रिपल सीट के 530, बिना लाइसेंस के 431 और वन-वे में घुसने के 278 मामलों में भी कार्रवाई की गई। गलत दिशा में वाहन चलाने के 20 मामलों को कोर्ट भेजा गया।
कुल मिलाकर 16,727 चालान काटे गए और 1,99,91,650 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी, ई-चालान प्रणाली और ब्रीथ एनालाइजर की मदद से यह कार्रवाई की।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान उत्साह में यातायात नियमों की अनदेखी न करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।




