Mumbai Crime
Trending

सांताक्रूज़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार से शातिर आरोपी गिरफ्तार घरफोड़़ी का मामला सुलझा; 76.39 लाख रुपये की संपत्ति बरामद व बैंक खाते की रकम फ्रीज

सगीर अंसारी

मुंबई : सांताक्रूज़ पुलिस ने घरफोड़़ी और चोरी के एक गंभीर मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 30 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है, जबकि चोरी की रकम से जमीन खरीदने के लिए बैंक खाते में जमा किए गए 46.39 लाख रुपये भी फ्रीज कर दिए गए हैं। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 76.39 लाख रुपये की संपत्ति सुरक्षित की है।

पुलिस के अनुसार, सांताक्रूज़ पुलिस थाने में इस मामले में गुन्हा क्रमांक 1236/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता 20 जून 2026 से 27 जुलाई 2026 के बीच घर से बाहर थे। इसी दौरान सांताक्रूज़ पश्चिम स्थित जुहू तारा रोड के बंद मकान की खिड़की तोड़कर चोर घर में दाखिल हुआ। इसके बाद बेडरूम का दरवाजा तोड़कर अलमारी का लॉकर फोड़ा गया।
चोर ने लॉकर से सोने की बिस्किट, सोने के आभूषण, नकदी और रोलेक्स कंपनी की महंगी घड़ी चोरी कर ली। शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चोरी हुए माल की अनुमानित कीमत करीब 54.60 लाख रुपये थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान चंदन कमलेश मुखिया (26), निवासी दरभंगा, बिहार के मामले में शामिल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद सांताक्रूज़ पुलिस की टीम बिहार पहुंची और स्थानीय सोनकी पुलिस थाने, दरभंगा की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को दरभंगा न्यायालय में पेश कर 8 अगस्त 2026 तक ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई है। मामले में एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की नकदी का इस्तेमाल जमीन खरीदने के लिए किया जाना था। आरोपी ने चोरी की रकम अपने परिचित कैलास साह के पास देकर अपने नाम पर जमीन खरीदने को कहा था। कैलास साह द्वारा रकम बैंक खाते में जमा किए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित बैंक खाता फ्रीज कर 46.39 लाख रुपये सुरक्षित कर लिए। कैलास साह को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 200 ग्राम वजन की सोने की लगड़, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये, तथा करीब 5 लाख रुपये मूल्य की रोलेक्स घड़ी बरामद की है। बरामद और फ्रीज की गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 76.39 लाख रुपये है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त डॉ. मोहितकुमार गर्ग, सहायक पुलिस आयुक्त विनोद गावकर, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय मसवेकर और पुलिस निरीक्षक (अपराध) सखाराम मोले के मार्गदर्शन में की गई। जांच अधिकारी संजय कल्हाटकर, दिनकर दराड़े और उपनिरीक्षक उमेश कौलगे सहित अपराध प्रकटीकरण टीम ने तकनीकी एवं गुप्त जांच के जरिए इस मामले को सुलझाया।

Javed Sheikh

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button