अश्लील वीडियो के जरिए बदनाम करने की धमकी देकर 4 करोड़ की वसूली, महिला गिरफ्तार

अश्लील वीडियो के जरिए बदनाम करने की धमकी देकर 4 करोड़ की वसूली, महिला गिरफ्तार
सगीर अंसारी/मुंबई
घाटकोपर इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति को अश्लील वीडियो के जरिए बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देकर कथित तौर पर करीब 4 करोड़ रुपये की वसूली करने के मामले में मुंबई अपराध शाखा की कक्ष-7 की टीम ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर पीड़ित से आगे भी रकम की मांग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सोने-चांदी की दुकान में प्रबंधक के रूप में काम करता है। दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 के दौरान उसके परिचित की एक महिला ने व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल के माध्यम से कथित रूप से अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद वीडियो को इंटरनेट पर प्रसारित करने और पुलिस, न्यायालय तथा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) तक पहुंचाने की धमकी देकर शिकायतकर्ता से रकम की मांग की गई।
शिकायतकर्ता ने बदनामी के डर से वर्ष 2024 से अब तक आरोपी महिला को करीब 4 करोड़ रुपये देने की बात पुलिस को बताई। इसके बावजूद महिला ने कथित तौर पर और रकम की मांग जारी रखी। रकम नहीं देने पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा कक्ष-7, घाटकोपर यूनिट ने जाल बिछाकर 18 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये की कथित वसूली स्वीकार करते समय आरोपी महिला को एल.बी.एस. रोड, घाटकोपर पश्चिम स्थित आर.के. रेस्टोरेंट से रंगेहाथ पकड़ लिया।
शिकायत के आधार पर घाटकोपर पुलिस थाने में गु.र.क्र. 1253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आगे की जांच अपराध शाखा कक्ष-7 की घाटकोपर यूनिट द्वारा की जा रही है।



