Mumbai Crime

देवनार पुलिस की बड़ी कामयाबी: हत्या के कुछ ही घंटों में 5 आरोपी हिरासत में

पुरानी रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, धारदार हथियारों, लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से किया गया हमला; कुल 8 आरोपियों के शामिल होने की आशंका

संवाददाता: ताहिर बेग

मुंबई: देवनार में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या के मामले में देवनार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में कुल 8 आरोपियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार, 5 नवंबर 2026 की रात करीब 8:20 बजे देवनार सर्कल स्थित बालासाहेब ठाकरे उद्यान में रेहान शेख नामक युवक पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों, लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से युवक पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में रेहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक रेहान शेख और कुछ आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। इस विवाद को लेकर मानखुर्द पुलिस थाने में CR नंबर 499/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 351, 118(1), 3(5) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 135 के तहत पहले ही मामला दर्ज था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इसी विवाद को लेकर आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर रेहान शेख पर हमला किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए देवनार पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया।

फिलहाल देवनार पुलिस इस हत्याकांड की आगे की जांच कर रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश के साथ-साथ हत्या के पीछे की पूरी साजिश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Shahid Khan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button