Mumbai Crime
Trending

तिलक नगर पुलिस ने बुलेट बाइक चोर गिरोह के शातिर आरोपी को दबोचा

मुंबई संवदाता – सगीर अंसारी

तिलक नगर पुलिस ने बुलेट बाइक चोर गिरोह के शातिर आरोपी को दबोचा

मुंबई की तिलक नगर पुलिस ने महंगी बुलेट जैसी दोपहिया वाहन चोरी कर उनकी बिक्री करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी सुनील चौधरी (32), निवासी बदलापुर, एक आदतन अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ मुंबई और आसपास के विभिन्न पुलिस थानों में 15 से 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, कुर्ला पश्चिम निवासी संदीप सोनकर ने 21 जनवरी को तिलक नगर इलाके में अपनी बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। इसके बाद सोनकर ने तिलक नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल लेकर जाते हुए दिखाई दिया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि चोरी की वारदात को बदलापुर निवासी सुनील चौधरी ने अंजाम दिया है।

इसके बाद तिलक नगर पुलिस की टीम ने बदलापुर इलाके में जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना कबूल की। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से महंगी दोपहिया वाहनों की चोरी कर उन्हें बेचने के धंधे में लिप्त था।

पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के वाहन किन-किन लोगों को बेचे गए हैं।

News Splash

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button