Advertisement
Trending

अस्पताल में सिर्फ दौरे, सुविधाएं गायब! अब्दुल कलाम अस्पताल की बदहाली को लेकर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन

अस्पताल में सिर्फ दौरे, सुविधाएं गायब!
अब्दुल कलाम अस्पताल की बदहाली को लेकर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन

सगीर अंसारी/मुंबई

गोवंडी-शिवाजीनगर के गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए अब्दुल कलाम अस्पताल और शिवाजीनगर प्रसूतिगृह महत्वपूर्ण सरकारी स्वास्थ्य केंद्र हैं। हालांकि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, चिकित्सकों और कर्मचारियों की कमी तथा जरूरी जांच के लिए मरीजों को बाहर भेजे जाने की शिकायतों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर 29 सितंबर को मनपा के एम-ईस्ट वार्ड कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण आंदोलन किया गया।

स्थानीय युवा सामाजिक कार्यकर्ता याहिया शेख के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को तत्काल दूर करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने सोनोग्राफी, पैथोलॉजी और प्रयोगशाला जांच की पर्याप्त व्यवस्था करने, चौबीसों घंटे चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराने तथा शाम के बाद भी डॉक्टरों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग रखी।

इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी की नियमित उपलब्धता, चिकित्सकों एवं अन्य कर्मचारियों की कमी दूर करने तथा नवजात शिशुओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए नवजात गहन चिकित्सा कक्ष में पर्याप्त विशेषज्ञ डॉक्टर और कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की गई।

गर्भवती महिलाओं को दूसरे अस्पतालों में भेजे जाने से पहले जरूरी जांच, रिपोर्ट और चिकित्सकीय दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा मरीजों और उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गरीब परिवारों को सरकारी अस्पताल में ही आवश्यक जांच और उपचार की सुविधा मिलनी चाहिए।

जन्म प्रमाणपत्र व्यवस्था में पारदर्शिता और सही सत्यापन का मुद्दा भी आंदोलन के दौरान उठाया गया। सितंबर में कथित अनियमित जन्म प्रमाणपत्र पंजीकरण के मामले में दो चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की रिपोर्ट भी सामने आई थी।

आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग और मनपा प्रशासन से समस्याओं के समाधान के लिए लिखित जवाब और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की गई। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर जल्द कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

Harry Shaikh

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button