
गश्त के दौरान संदिग्ध कार से देशी पिस्तौल, 5 कारतूस और धारदार हथियार बरामद
देवनार पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी हिरासत में; एक साथी मौके से फरार
हैरी शेख/मुंबई
मुंबई के देवनार पुलिस थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार की तलाशी लेकर देशी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और कई धारदार हथियार बरामद किए। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि उनका एक साथी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। एफआईआर के अनुसार घटना 1 अक्टूबर की रात मानखुर्द-लिंकिंग रोड से छेड़ा नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर झाकीर हुसैन नगर के पास की है।
पुलिस शिपाई भाऊसाहेब भागवत बारगजे अपने साथी एमएसएफ कर्मचारी रावसाहेब बाबू कांबळे के साथ रात की गश्त पर थे। इसी दौरान सड़क किनारे सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। पुलिसकर्मियों के पास पहुंचते ही कार में बैठे एक व्यक्ति ने दरवाजा खोलकर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर कार में मौजूद अन्य लोगों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की आर्मरेस्ट में छिपाकर रखी देशी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा कार की डिक्की से दो सतूर और तीन स्टील के चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनकी कुल कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। बरामद हथियार, कार और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 6.59 लाख रुपये दर्ज की गई है।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मैन्नूद्दीन अब्दुल गफार सैयद (36) और मोहम्मद आतिफ शहा (14) के रूप में दर्ज है। एफआईआर में फरार साथी का नाम कासिम बताया गया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हथियार उन्हें कासिम नामक व्यक्ति ने दिए थे।
देवनार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), शस्त्र अधिनियम की धारा 3, 4 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक वीरभद्र बरुवन गाठोडे को सौंपी गई है।
पुलिस कर्मी भाऊसाहेब भागवत बारगजे और एमएसएफ रावसाहेब बाबू कांबळे की इस ततपरता और साहस को देखते हुए देवनार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश यादव ने इनका सम्मान करते हुए पांच हजार का रिवार्ड दिया है।




