
पवई में तड़ीपार आरोपी एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार, 9.37 लाख का माल जब्त
मुंबई: पवई पुलिस ने गश्त के दौरान एक तड़ीपार आरोपी को एमडी (मेफेड्रोन) जैसे अमली पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 9 लाख 37 हजार 850 रुपये का माल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुंबई शहर और उपनगर के विभिन्न पुलिस थानों में पहले से 10 मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को सुबह करीब 5:30 बजे पवई पुलिस थाने की टीम पवई के मोरारजी नगर, मिठी नदी नाले के पास आरे रोड स्थित गुप्ता कॉर्नर इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रूम नंबर 507 के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां पुलिस को नजर आईं। वह इधर-उधर देखकर किसी का इंतजार करता दिखाई दिया, जिससे पुलिस का संदेह बढ़ गया।
पुलिस टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम मुबारक मोमिन खान उर्फ लालू (32) बताया। पूछताछ के दौरान उसके संतोषजनक जवाब नहीं देने पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने एनडीपीएस कानून के तहत उसकी तलाशी ली।
तलाशी में पारदर्शी प्लास्टिक की थैली से 55.1 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 80 हजार रुपये है। इसके अलावा 47,850 रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये कीमत का सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त माल की कुल कीमत 9,37,850 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पवई पुलिस थाने में गु.र.क्र. 906/2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(क) तथा महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धारा 142 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के मोबाइल की तकनीकी जांच के जरिए मामले की आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को मुंबई शहर और मुंबई उपनगर से तड़ीपार किया गया था। उसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में कुल 10 अपराध दर्ज पाए गए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पवई पुलिस टीम ने की।




