कल्याण में अंतरराज्यीय ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, 14 आरोपियों पर मकोका, 35.400 किलो गांजा जब्त

कल्याण:- कल्याण पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ड्रग्स तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। इस प्रकरण में नशे के आठ सौदागरों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे मामले से जुड़े कुल 14 आरोपियों के खिलाफ मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलो 400 ग्राम गांजा, एक देशी पिस्टल, कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल की गई कार जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान हालात उस समय गंभीर हो गए, जब तस्करों ने वाहन रोकने वाले ट्रैफिक हवलदार पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया। इस घटना में सरकारी काम में बाधा डालने और जानलेवा हमले का भी मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि इस ड्रग्स तस्करी के तार छत्तीसगढ़, उड़ीसा, नागपुर, नाशिक, मुंबई और कल्याण से जुड़े हैं। आरोपी लंबे समय से अलग-अलग राज्यों से मादक पदार्थ लाकर महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में सप्लाई कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मकोका कोर्ट ने सभी आरोपियों को 23 तारीख तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, सप्लायरों और आर्थिक लेनदेन की गहन जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




