
गोरेगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या के गंभीर मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
सगीर अंसारी/मुंबई
गोरेगांव पश्चिम के प्रेमनगर इलाके में एक होटल के सामने हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत के मामले में गोरेगांव पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब 11.30 बजे सलमान होटल, प्रेमनगर, गोरेगांव पश्चिम के सामने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को ट्रॉमा केयर अस्पताल, जोगेश्वरी पूर्व ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अजीज मोहम्मद अतीक खान (30) के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि अजीज खान का भाई हबीब मोहम्मद अतीक खान पुलिस थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। शिकायत के मुताबिक, सलमान होटल के मालिक दानिश खान से बिल को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान दो आरोपियों ने अजीज और उसके साथी राजेश उर्फ टक्का के साथ झगड़ा किया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए अजीज के सिर पर लकड़ी के पट्टे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने छह टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों को आरोपी की पहचान नहीं थी और उसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं थी। इसके बावजूद पुलिस टीम ने गोरेगांव परिसर में लगातार तलाश करते हुए गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपियों का पता लगाया।
पुलिस ने अजय मुन्नी उपाध्याय (39) और विकास देवराज पासवान (23) को गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश किए जाने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच गोरेगांव पुलिस कर रही है।




