एयर इंडिया में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार

एयर इंडिया में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई | शाहिद शौकत
मुंबई पुलिस की मानखुर्द पुलिस ने एयर इंडिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल होने वाला पूरा कॉल सेंटर सेटअप जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 फरवरी 2026 को मानखुर्द पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसे एयर इंडिया, मुंबई में नौकरी दिलाने का झूठा भरोसा देकर 2 लाख 18 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर मानखुर्द पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर यह पता लगाया कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उत्तराखंड के देहरादून में एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहे हैं। इसके बाद मानखुर्द पुलिस की विशेष टीम तत्काल देहरादून रवाना हुई और वहां योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस ने 9 लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल होने वाला पूरा कॉल सेंटर सेटअप जब्त किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बेरोजगार युवाओं को एयर इंडिया सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग फीस, मेडिकल, ट्रेनिंग और अन्य फर्जी शुल्क के नाम पर बड़ी रकम वसूलते थे।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने देशभर में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है, ठगी की कुल रकम कितनी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपी और मास्टरमाइंड कौन हैं। जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल फोन, लैपटॉप और डिजिटल रिकॉर्ड की भी गहन पड़ताल की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पूर्व प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त धनंजय कुलकर्णी तथा पूर्व परिमंडल-6 के पुलिस उपायुक्त समीर शेख के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व मानखुर्द पुलिस थाना की टीम ने किया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बिलाल अहमद शेख, पुलिस निरीक्षक (अपराध) हेमंत ओंडकर, सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप पाटिल सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था को पैसे देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें। यदि कोई व्यक्ति नौकरी के बदले पैसे की मांग करता है या संदिग्ध कॉल, ईमेल अथवा संदेश भेजता है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसी धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल मानखुर्द पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस फर्जी कॉल सेंटर के माध्यम से देशभर में कितने लोगों से ठगी की गई है तथा इस गिरोह के अन्य सदस्यों की इसमें क्या भूमिका रही है।





