मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रूप से रह रहे 37 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में

मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रूप से रह रहे 37 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में
मुंबई: मुंबई पुलिस की अपराध शाखा 1 ने शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी बिना वैध यात्रा दस्तावेजों और आवश्यक कानूनी कागजात के मुंबई में रह रहे थे। पुलिस ने सभी की पहचान, नागरिकता, भारत में प्रवेश के तरीके तथा उनके पास मौजूद दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी है।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मुंबई पुलिस ने बताया कि अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध रूप से रह रहा हो या संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें, तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के मार्गदर्शन में अपराध शाखा, प्रकोष्ठ-9 तथा विभिन्न पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान और अधिक प्रभावी तरीके से जारी रहेंगे।




