
ऑटो रिक्शा चोरी गिरोह का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार; 4 ऑटो बरामद
सगीर अंसारी/मुंबई
निर्मलनगर पुलिस ने ऑटो रिक्शा चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार ऑटो रिक्शा बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद निर्मलनगर, वाकोला और खेरवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज ऑटो चोरी के 14 मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, निर्मलनगर पुलिस थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से ऑटो रिक्शा चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। 5 अगस्त को भी खार पूर्व से एक ऑटो रिक्शा चोरी हुई थी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी तरीके से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे और आरोपी की पहचान कार्तिक शिवशंकर उपाध्याय (20) के रूप में हुई। आरोपी वाकोला क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने ऑटो रिक्शा चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। जांच में पता चला कि उसके खिलाफ निर्मलनगर, वाकोला और खेरवाड़ी पुलिस थानों में ऑटो चोरी के कुल 14 मामले दर्ज हैं।
इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय कुलकर्णी के मार्गदर्शन, पुलिस निरीक्षक (अपराध) सूर्यकान्त पारटकर की निगरानी तथा डिटेक्शन ऑफिसर पुलिस उप निरीक्षक भीमराव धापडे और उनकी टीम की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण और लगातार की गई पड़ताल के चलते आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली। पुलिस अधिकारियों ने जिस तत्परता और सूझबूझ के साथ मामले की जांच कर चोरी की चार ऑटो बरामद कीं और 14 मामलों का खुलासा किया, उसकी सराहना की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से ऑटो रिक्शा चोरी की कई वारदातों पर से पर्दा उठा है। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।




