गोवंडी में म्हाडा इमारत का स्लैब गिरा, 19 वर्षीय काजल जैसवाल की इलाज के दौरान मौत

गोवंडी में म्हाडा इमारत का स्लैब गिरा, 19 वर्षीय काजल जैसवाल की इलाज के दौरान मौत
सब्जी खरीदने मार्केट गई थी काजल, अचानक सिर पर गिरा स्लैब का हिस्सा; डॉक्टर बनने का था सपना
मुंबई: गोवंडी के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के पास स्थित म्हाडा की इमारत क्रमांक 8-बी के बाहरी हिस्से का ऊपरी स्लैब अचानक गिरने से 19 वर्षीय काजल जैसवाल गंभीर रूप से घायल हो गई। काजल सब्जी खरीदने के लिए मार्केट गई थी, तभी अचानक स्लैब का एक हिस्सा उसके ऊपर आ गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल काजल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
काजल जैसवाल डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी और इसके लिए वह लगातार पढ़ाई कर रही थी। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने उसके परिवार के सपनों को भी चकनाचूर कर दिया। काजल की मौत से जैसवाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस घटना के बाद शिवाजीनगर इलाके में स्थित म्हाडा की पुरानी इमारतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी इमारतों और उनके जर्जर हिस्सों की तत्काल जांच कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से म्हाडा की पुरानी इमारतों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, काजल के परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता और मदद की गुहार लगाई है।



