Mumbai Crime
Trending

कांदिवली में 3.25 करोड़ की हेरोइन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई पुलिस आयुक्त के आदेश पर मुंबई और उपनगरों में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांदिवली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 641 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 25 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 2 लाख 90 हजार रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन व अन्य सामान भी जब्त किया गया है। जब्त किए गए कुल माल की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 28 लाख 90 हजार 400 रुपये है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 20 अगस्त 2026 को कांदिवली पश्चिम स्थित खजुरिया रोड, बीएमसी गार्डन के पास की गई। कांदिवली पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 641 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इस मामले में कांदिवली पुलिस थाने में गु.र.क्र. 990/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(क) सह 21(क) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा कांदिवली पुलिस थाने के गु.र.क्र. 9933/2026 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों पर हेरोइन की तस्करी और बिक्री करने का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इस तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं। मामले में अंतरराज्यीय गिरोह से संबंध होने की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवळे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत जगदाळे, पुलिस निरीक्षक विश्वास पाटील, सहायक पुलिस निरीक्षक दादासाहेब बनसोडे, पुलिस उपनिरीक्षक अमित पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक बाळासाहेब शिंदे और पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Javed Sheikh

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button