मुंबई में मरीजों के लिए राहत की मांग: रेलवे स्टेशन से अस्पताल तक मुफ्त बेस्ट बस सेवा की उठी आवाज

वरिष्ठ संवाददाता , मुंबई
मुंबई में गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सुविधा को लेकर एक अहम मांग सामने आई है। मुंबई (बीएमसी) के अस्पतालों तक पहुंच को आसान बनाने के लिए रेलवे स्टेशनों से अस्पतालों तक बेस्ट बस की मुफ्त सेवा शुरू करने की मांग की गई है। इस आशय का प्रस्ताव मनपा सदन की आगामी बैठक में लाया जाएगा।
मुफ्त बेस्ट बस सेवा की यह मांग भाजपा की एक नगरसेविका शीतल गंभीर द्वारा उठाई गई है। उनका कहना है कि मुंबई के सरकारी अस्पतालों में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज इलाज के लिए आते हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं। रेलवे स्टेशन तक तो वे किसी तरह पहुंच जाते हैं, लेकिन वहां से अस्पताल तक जाने का किराया भी कई बार उनके लिए बोझ बन जाता है। अगर इस पर फैसला होता है, तो हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी इलाज तक पहुंच और आसान हो जाएगी।
यह है प्रस्ताव
– रेलवे स्टेशनों से नजदीकी बीएमसी अस्पतालों तक मुफ्त बेस्ट बस सेवा शुरू की जाए
– खासतौर पर उन मरीजों के लिए सुविधा हो, जो दूर-दराज से इलाज कराने आते हैं
– मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक पहुंचने में आसानी मिले




