3 साल से फरार मकोका और हत्या के मामले का आरोपी क्राइम ब्रांच ने खार घर से किया गिरफ्तार

शाहिद शौकत
मुंबई। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) के कक्ष-06 ने हत्या एवं मकोका (MCOCA) के गंभीर मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, चुनाभट्टी पुलिस स्टेशन में दर्ज अपराध क्रमांक 544/2023 के तहत आरोपी सुमित स्वस्तिक सावंत (32 वर्ष) के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश, साक्ष्य मिटाने, शस्त्र अधिनियम तथा महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले तीन वर्षों से सिंधुदुर्ग, गोवा, चेन्नई, राजस्थान और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
क्राइम ब्रांच कक्ष-06 की टीम इस आरोपी की समानांतर जांच और तलाश कर रही थी। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नवी मुंबई के खारघर सेक्टर-19 इलाके में गुप्त रूप से रह रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति लेकर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
वरिष्ठ पोलिस निरक्षिक के मार्गदर्शन पर पुलिस निरीक्षक नवनाथ काळे, पुलिस उपनिरीक्षक शरद नाणेकर, हेड कॉन्स्टेबल गायकवाड, पुलिस हवलदार खेडकर तथा महिला पुलिस कॉन्स्टेबल उर्मिला शेवाळे ने तकनीकी विश्लेषण और पारंपरिक खुफिया जानकारी के आधार पर घनी आबादी वाले क्षेत्र में सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की मामले में संलिप्तता सामने आने के बाद उसे विधिसम्मत कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित स्वस्तिक सावंत (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चुनाभट्टी, मुंबई का निवासी है और निजी नौकरी करता है।




